रायगढ़। संस्कारधानी रायगढ़ में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान प्रभु श्री रामचंद्र जी के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं, पिछले 14 वर्षों से रायगढ़ की रामनवमी शोभायात्रा अपनी भव्यता के लिए प्रदेश और देशभर में विशेष पहचान बना चुकी है, इस वर्ष 27 मार्च (शुक्रवार) को मनाए जाने वाले इस महापर्व को और अधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए रामभक्त युवाओं ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं,शनिवार को सुभाष चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ तैयारियों का औपचारिक श्रीगणेश किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हनुमान मंदिर में हुई पहली बैठक
परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी रामनवमी की तैयारियों की पहली बैठक सुभाष चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर में आयोजित की गई, बैठक की शुरुआत हनुमान जी की महाआरती और पूजा-अर्चना से हुई, इसके बाद उपस्थित युवाओं ने दोनों हाथ उठाकर संकल्प लिया कि इस वर्ष की शोभायात्रा को पिछले वर्षों से भी अधिक भव्य, दिव्य और अनुशासित बनाया जाएगा।

60 से अधिक हिंदू समाज होंगे शामिल
रायगढ़ की रामनवमी शोभायात्रा में हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर के 60 से अधिक हिंदू समाज भाग लेंगे, सभी समाज के लोग मिलकर इस पर्व को एकता और भक्ति के साथ मनाते हैं, जो शहर की सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन चुका है।
शोभायात्रा में होंगे कई नए बदलाव
बैठक में शोभायात्रा को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए, इनमें झांकियों के बीच दूरी कम करने, चौक-चौराहों की आकर्षक सजावट बढ़ाने और यात्रा मार्ग पर युवाओं के लिए सेल्फी पॉइंट बनाने की योजना शामिल है, साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कृत्रिम शस्त्रों के प्रदर्शन पर रोक का सुझाव
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि इस वर्ष शोभायात्रा के दौरान कृत्रिम शस्त्रों (हथियारों) के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए, ताकि यात्रा का स्वरूप पूरी तरह से भक्तिमय, अनुशासित और शांतिपूर्ण बना रहे।
पहाड़ मंदिर की होगी विशेष सजावट
शहर के प्रमुख आस्था केंद्र पहाड़ मंदिर को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सजाने की योजना बनाई गई है, जिससे रामनवमी का उत्सव पूरे शहर में और अधिक भव्य दिखाई दे।

जल्द होगी समाज प्रमुखों की बैठक
प्रथम बैठक की सफलता के बाद अब जल्द ही शहर के सभी समाज प्रमुखों की एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और शोभायात्रा की रूपरेखा तय की जाएगी,रामभक्त युवाओं का कहना है कि रायगढ़ शहर का हर युवा इस शोभायात्रा का सक्रिय सदस्य बनेगा और रामनवमी का यह उत्सव शहर के अंतिम छोर तक भक्ति और उत्साह का संदेश पहुंचाएगा।









