मथुरा/वृंदावन। देश-विदेश में बसे करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है,अब भक्त घर बैठे ही श्री बांके बिहारी मंदिर के आराध्य श्री बांके बिहारी जी के दिव्य दर्शन कर सकेंगे,मंदिर प्रशासन ने पहली बार आधिकारिक रूप से ऑनलाइन लाइव दर्शन सेवा शुरू कर दी है, जिसके माध्यम से दुनिया भर के श्रद्धालु सीधे प्रसारण के जरिए ठाकुर जी के दर्शन कर पाएंगे,मंदिर के सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस लाइव सेवा का प्रसारण किया जा रहा है, खास बात यह है कि मंदिर के इतिहास में पहली बार भक्तों को एक सुव्यवस्थित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से दर्शन का अवसर मिल रहा है, इस नई व्यवस्था से वे श्रद्धालु भी ठाकुर जी की झलक पा सकेंगे, जो किसी कारणवश वृंदावन नहीं पहुंच पाते,यह पहल प्रौद्योगिकी आधारित संस्था सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से संभव हो सकी है, यह कंपनी मंदिरों, आध्यात्मिक गुरुओं और धार्मिक संस्थाओं को डिजिटल संचार और मीडिया सेवाएं उपलब्ध कराती है,कंपनी के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य आस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए श्रद्धालुओं तक आध्यात्मिक अनुभव पहुंचाना है।

मंदिर प्रशासन ने इस सेवा की शुरुआत पवित्र रंगभरी एकादशी के शुभ अवसर पर की। यह दिन भक्तों के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है, इसलिए इसी दिन से लाइव दर्शन की सेवा प्रारंभ की गई,सुयोग्य मीडिया से जुड़े और “रिलीजन वर्ल्ड” के संस्थापक भव्य श्रीवास्तव ने इसे दुनिया भर के भक्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया,उन्होंने कहा कि सदियों से श्रद्धालु ठाकुर जी के दर्शन के लिए वृंदावन आते रहे हैं,और अब डिजिटल माध्यम से भी यह आध्यात्मिक जुड़ाव संभव हो पाएगा,वहीं कंपनी की पार्टनर के. दीपा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य आस्था और तकनीक के बीच एक मजबूत सेतु बनाना है,इसके जरिए दुनियाभर के श्रद्धालु अपनी धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक भावनाओं से जुड़े रह सकेंगे,मंदिर प्रशासन का मानना है कि यह नई पहल उन लाखों भक्तों के लिए वरदान साबित होगी,जो दूरी या अन्य कारणों से वृंदावन नहीं पहुंच पाते। अब वे भी घर बैठे ठाकुर जी के दिव्य दर्शन कर अपनी आस्था को और मजबूत बना सकेंगे।









