ऑपरेशन तलाश में कापू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट मामले में फरार आरोपी उमेश नट गिरफ्तार

रायगढ़ । जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जमीन विवाद में तलवार और डंडे से मारपीट कर फरार चल रहे आरोपी उमेश कुमार नट (48) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, आरोपी ग्राम कण्ड्रजा थाना कापू, जिला रायगढ़ का निवासी है,पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को प्रार्थी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट निवासी ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर पटनापारा ने थाना कापू में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि उसकी पत्नी और मां के नाम पर दर्ज भूमि खसरा नंबर 3571/2 (0.210 हेक्टेयर) को लेकर आरोपी उमेश नट से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना के दिन प्रार्थी खेत की जोताई कर घर लौट रहा था, तभी उमेश नट अपने साथियों विशाल सिंह, जयपाल सिंह और प्रेम सिंह नट के साथ वहां पहुंचा,आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उमेश नट तलवार लहराते हुए जबरन प्रार्थी के घर में घुस गया। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिजनों के साथ हाथ-मुक्का, डंडा और तलवार से मारपीट की।



मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई,घायलों के मेडिकल परीक्षण में मिथुन सिंह नट की चोट गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी उमेश नट घटना के बाद से फरार चल रहा था,थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी,इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपनी बेटी की सगाई के कारण गांव आया हुआ है, और घर में छिपा है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शहडोल और छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में संलिप्त होने की जानकारी दी है, पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है,एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की लगातार तलाश की जा रही है, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।