फर्जी पुलिस बनकर वृद्धा से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चंद घंटों में रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़ । थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई, सोने की माला और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी सहित लगभग 1.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है,पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे, सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो युवक उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी दुर्घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे तथा आधार कार्ड दिखाने को कहा।



इसी बीच एक आरोपी ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला खींच ली और दोनों स्कूटी से मौके से फरार हो गए, घटना की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।



घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कर आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीड़िता और उसकी पोती को फुटेज दिखाने पर आरोपियों की पहचान की गई, इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा, सिटी कोतवाली रायगढ़ को हिरासत में लिया।



पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, एक सोने का पदक और काले मोती जड़ी सोने की माला, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये है, बरामद की। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) भी जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शशि मोहन सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है तथा ऐसे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।