रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम अब धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, और दिन के समय धूप की तीव्रता बढ़ने से लोगों को गर्मी का असर महसूस होने लगा है, मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसमीय बदलाव के संकेत नहीं हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम लगभग इसी तरह बना रह सकता है।
अगले सात दिनों तक मौसम रहेगा लगभग स्थिर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, लेकिन धूप तेज रहने के कारण दिन में तापमान का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ेगा,प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस हो सकता है।

बीते 24 घंटे में नहीं हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में राजधानी रायपुर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है, इसी वजह से मौसम में अचानक बदलाव या बारिश की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और स्थिर बने रहने की संभावना है।
रायपुर में बढ़ेगा गर्मी का असर
राजधानी रायपुर में 7 मार्च को आसमान साफ रहने का अनुमान है, मौसम विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है,दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का प्रभाव साफ तौर पर महसूस किया जा सकेगा।








