मिडिल ईस्ट तनाव का असर: एलपीजी सिलेंडर 60 रुपये महंगा, 7 मार्च से नई दरें लागू…..

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने का असर अब भारत में भी दिखने लगा है, तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, नई दरें 7 मार्च से लागू हो गई हैं।

दिल्ली में 913 रुपये हुआ घरेलू सिलेंडर
राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है,वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, नई कीमत लागू होने के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 1883 रुपये में मिलेगा।



मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 1835 रुपये
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1835 रुपये हो गई है, सिलेंडर की कीमतों में अचानक आई इस बढ़ोतरी से आम लोगों और व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसका सीधा असर रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ने वाला है।

होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से आपूर्ति प्रभावित
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है,इसके कारण इस मार्ग से आने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति 28 फरवरी से प्रभावित हो गई है,विशेषज्ञों के अनुसार, इस मार्ग के बंद होने से वैश्विक एलएनजी आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, जिससे एशियाई आयात बाजारों में चिंता बढ़ गई है।

भारत की आपूर्ति पर पड़ा असर
भारत की एलएनजी आपूर्ति का बड़ा हिस्सा कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ही आता है। आपूर्ति बाधित होने के कारण गैस की लागत बढ़ी है, जिसका असर अब घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में देखने को मिल रहा है।