8 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 4 लाख का मादक पदार्थ व सफारी वाहन जब्त….

सूरजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है,पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले के थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं, इसी क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।



जानकारी के अनुसार चौकी लटोरी पुलिस मुख्य सड़क लटोरी में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच कर रही थी, इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से एक टाटा सफारी वाहन क्रमांक CG 15 EG 4455 आते दिखाई दिया, पुलिस को चेकिंग करते देख चालक ने वाहन को चेकिंग स्थल से लगभग 50 मीटर पहले ही रोककर वापस मोड़ने का प्रयास किया, जिससे वाहन में सवार लोग संदिग्ध प्रतीत हुए,पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर सफारी वाहन में सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया, पकड़े गए आरोपियों की पहचान जीवधन पैंकरा, सुरेंद्र कुमार लास्कर और ललित यादव, निवासी ग्राम बरौधी थाना भटगांव के रूप में हुई है।



तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है, पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को जब्त कर लिया है,इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है,वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है।

प्रशांत कुमार ठाकुर पुलिस अधीक्षक



पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, और इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।