रायगढ़। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध नशे की सामग्री बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
इस अभियान के तहत पान ठेलों पर “गोगो” सहित अन्य नशे की सामग्री की बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली, चक्रधरनगर, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार एवं लैलूंगा क्षेत्रों में पान ठेलों, अड्डेबाजी स्थलों और दुकानों की जांच की गई, “गोगो” नामक नशे की सामग्री बेचते पाए जाने पर 35 संचालकों पर जुर्माना लगाया गया, तथा उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
क्षेत्रवार कार्रवाई का विवरण
कोतवाली – 6 दुकानदार (राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर, इंदिरा नगर, चांदमारी)
चक्रधरनगर – 4 दुकानदार (मेडिकल कॉलेज के पास, पंजरी प्लांट)
कोतरारोड – 6 दुकानदार (किरोड़ीमल नगर, पतरापाली, भगवानपुर)
पुसौर – 4 दुकानदार (बोरोडिपा, बाजार चौक बस्ती)
तमनार – 5 दुकानदार (मुख्य बाजार, राम मंदिर के पास, बस स्टैंड)
लैलूंगा – 5 दुकानदार (अटल चौक एवं आसपास)
जूटमिल – 5 दुकानदार (सांगीतराई, कांशीराम चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, कबीर चौक, कयाघाट)
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की नशे की सामग्री की अवैध बिक्री, वितरण या सेवन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा,उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की।
जनता से अपील
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।









