कलेक्टर एवं एसएसपी का जिला जेल रायगढ़ में आकस्मिक निरीक्षण…..

रायगढ़।जिला जेल रायगढ़ का आज प्रातः कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाएं तथा बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया गया,
अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया।

स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन, चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा

बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अधिवक्ता से मुलाकात की व्यवस्था तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़े विषय अधिकारियों के समक्ष रखे गए,कलेक्टर एवं एसएसपी ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया,निरीक्षण के क्रम में पूर्व में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर की जानकारी भी ली गई, शिविर के दौरान नेत्र रोग से पीड़ित बंदियों को चश्मों का वितरण किया गया था। साथ ही अस्वस्थ बंदियों को फल वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल का परिचय दिया गया।

अधिकारियों ने चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया,जेल परिसर में उपस्थित बंदियों के परिजनों से भी चर्चा की गई। परिजनों ने मुलाकात व्यवस्था को सहज बनाने तथा प्रतीक्षा अवधि घटाने का आग्रह किया, इस पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बंदियों व परिजनों से संवाद, व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने निर्देश

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों के अधिकारों की रक्षा, सुधारात्मक वातावरण का निर्माण तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों को सतत सुदृढ़ रखने और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया,निरीक्षण के अंत में जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा नियमित समीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इस अवसर पर जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह सोरी और एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।