खैरागढ़ । खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सूने मकान में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी मानदाता लोधी (उम्र 60 वर्ष), निवासी ग्राम बोरी, थाना खैरागढ़ ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि वे दिनांक 16 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक अपने रिश्तेदार के मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने अपने घर में ताला लगा दिया था,24 जनवरी 2026 को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था, और अंदर रखे संदूक से लगभग 35,000 रुपये नकद अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।

पुलिस कार्रवाई
मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई,तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बीरसिंह वर्मा, पिता अमर सिंह वर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी धम्मादीप नगर, ईटाभट्ठा चौक, नागपुर बताया।
अपराध कबूल
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने प्रार्थी के सूने घर में घुसकर चोरी की थी।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है,फिलहाल मामले की विवेचना जारी है, और आरोपी के अन्य साथी की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी










