रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में 24 फरवरी को पेश होगा 25वां बजट, ओपी चौधरी का तीसरा बजट, नई थीम पर टिकी निगाहें……!!

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में 24 फरवरी को राज्य का 25वां बजट पेश किया जाएगा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने कार्यकाल का तीसरा बजट प्रस्तुत करेंगें,इस बजट को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है,इस बार बजट की संभावित थीम, प्रस्तुति शैली और सरकार के नए विजन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि यह बजट राज्य के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

अब तक कैसा रहा बजट का विजन

वित्त मंत्री ओपी चौधरी के पिछले दो बजट अलग-अलग अवधारणाओं पर आधारित रहे हैं,पहले बजट में ‘GYAN’ के माध्यम से गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर केंद्रित योजनाओं को प्राथमिकता दी गई थी,दूसरे बजट में ‘GATI’ की अवधारणा के साथ सुशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, तकनीक के उपयोग और औद्योगिक विकास पर जोर दिया गया,पिछला बजट डिजिटल प्रारूप में प्रस्तुत किया गया था, जिसमें तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों को प्रमुखता दी गई थी।



नई थीम को लेकर चर्चाएं तेज

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, 25वां बजट प्रतीकात्मक रूप से भी बेहद खास हो सकता है, सरकार इस बजट के माध्यम से राज्य के अगले विकास चरण का रोडमैप प्रस्तुत कर सकती है,संभावना है कि इसमें रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और सामाजिक कल्याण योजनाओं के संतुलन पर विशेष फोकस रहेगा,साथ ही यह बजट राज्य की दीर्घकालिक विकास रणनीति को भी दर्शा सकता है।

ब्रीफकेस पर भी टिकी नजरें

छत्तीसगढ़ में बजट प्रस्तुति के दौरान ब्रीफकेस का चयन भी हर साल चर्चा का विषय रहता है,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2022 में गोबर से बने विशेष ब्रीफकेस के साथ बजट पेश कर स्थानीय संसाधनों को बढ़ावा देने का संदेश दिया था,वहीं ओपी चौधरी ने अपने पहले बजट में पारंपरिक ढोकरा कला से प्रेरित काले ब्रीफकेस का उपयोग किया था, जबकि दूसरे बजट में लाल रंग के ब्रीफकेस के जरिए नई रफ्तार का संकेत दिया गया था।

ऐतिहासिक बजट से बड़ी उम्मीदें

अब 24 फरवरी को पेश होने वाले इस ऐतिहासिक 25वें बजट में सरकार किस प्रतीक और किस विचारधारा के साथ सामने आएगी, इसे लेकर जनता और राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है,राज्य के आर्थिक भविष्य की दिशा तय करने वाला यह बजट कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है।