खरसिया में कुनकुनी रेलवे पुल बना हादसों का कारण, बरसात में जलभराव और आम दिनों में दुर्घटनाओं का खतरा

खरसिया/ रायगढ़। रायगढ़ जिले के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर ग्राम कुनकुनी स्थित रेलवे पुल इन दिनों आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है,बरसात के मौसम में यहां सड़क तालाब का रूप ले लेती है, वहीं सामान्य दिनों में अचानक ढलान और सीमित ऊंचाई के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है,स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग पांच वर्ष पूर्व हाईवे चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ काटकर सड़क का स्तर बदला गया था, लेकिन रेलवे लाइन वाले हिस्से में पुल की ऊंचाई बढ़ाने के बजाय सड़क को नीचे कर दिया गया, इसके चलते यह स्थान गहरे गड्ढेनुमा कटोरे जैसा बन गया है, जहां बारिश का पानी जमा हो जाता है।



जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन यहां फंस जाते हैं। कई बार लोगों को मजबूरी में लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। सड़क किनारे बनी नालियां भी अधूरी और अव्यवस्थित हैं, जिससे पानी की निकासी और अधिक बाधित होती है,निर्माण के दौरान छोड़ा गया मलबा अब तक साफ नहीं किया गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि निगरानी और जवाबदेही की कमी का भी परिणाम है।


बरसात के अलावा सामान्य दिनों में भी यह स्थान सुरक्षित नहीं माना जा रहा। अचानक नीचे जाती सड़क, अपर्याप्त चेतावनी संकेत, सीमित दृश्यता और रात के समय प्रकाश व्यवस्था की कमी के कारण छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं,स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेलवे पुल की ऊंचाई का पुनर्मूल्यांकन, सड़क का वैज्ञानिक पुनर्निर्माण, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था, उच्च स्तरीय जांच, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।



नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में यहां कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।