रायगढ़। केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ को लेकर लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का नया अध्याय शुरू हो गया है, भारत सरकार द्वारा अनुमोदित 3 मिनट 10 सेकंड की तय सीमा वाले राष्ट्रगीत के ऑडियो को ए ई सिनेमा ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी किया है, इसका भव्य विमोचन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रायगढ़ प्रवास के दौरान किया गया।

रायगढ़ सर्किट हाउस में आयोजित सामाजिक प्रमुखों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगीत के विशेष ऑडियो पोस्टर का विमोचन किया,इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, महापौर जीवर्धन चौहान, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख अनुपम पॉल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस प्रस्तुति के लिए ए ई सिनेमा के सुप्रीमो संजय अग्रवाल एवं आकाश अग्रवाल भी मौजूद रहे,केंद्र सरकार के प्रस्ताव के पारित होते ही प्रदेश में सर्वप्रथम इस ऑडियो का संयोजन प्रख्यात संगीतकार अमित प्रधान ने किया, जबकि स्वर सुप्रसिद्ध गायक तारक नाथ पॉल ने दिया है,उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार अब सभी सरकारी और औपचारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पहले ‘वन्दे मातरम्’ का गायन या वादन अनिवार्य किया गया है।

ए ई सिनेमा के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं फिल्म कलाकार तरुण बघेल ने बताया कि बदलते दौर में ए ई सिनेमा नए कलेवर के साथ दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, उन्होंने कहा कि सोनू निगम, कुमार शानू, नितिन मुकेश, अलका याग्निक, और मोहम्मद अजीज जैसे दिग्गजों के साथ काम करने का अनुभव अब स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने आगे बताया कि ‘ए ई कैसेट्स’ से ‘ए ई सिनेमा’ के रूप में परिवर्तित होने के बाद यह समूह जल्द ही मुंबई और छालीवुड के प्रमुख गायकों के साथ नए ऑडियो-वीडियो प्रोजेक्ट्स लॉन्च करेगा,इन परियोजनाओं का उद्देश्य ‘स्वस्थ मनोरंजन’ को बढ़ावा देना है,साथ ही बड़े स्तर पर फिल्म निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है,इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।










