रायगढ़।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम पंडरीपानी स्थित गजमार पहाड़ी के पीछे अवस्थित महालक्ष्मी मंदिर, पंडरीपानी पहुंचे,उन्होंने मंदिर परिसर में माता महालक्ष्मी की महाआरती में भाग लिया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की इस अवसर पर मां महालक्ष्मी सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री के साथ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रविभूषण शास्त्री ने बताया कि मंदिर की आधारशिला वर्ष 2017 में रखी गई थी, निर्माण कार्य 2023 में पूर्ण हुआ तथा दिसंबर माह में प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई, मंदिर में दस महाविद्याओं सहित मां विमला, मां मंगला एवं भैरव बाबा की प्रतिमाएं स्थापित हैं।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय, बनोरा पहुंचे,उन्होंने यहां अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की तथा बाबा प्रियदर्शी भगवान राम जी से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर है, अघोर गुरु पीठ जैसे संस्थान समाज को संस्कार, सेवा और सद्भाव का संदेश देते हैं, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है,इस अवसर पर नगर निगम के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










