अम्बिकापुर: फाइलेरिया दवा सेवन के बाद चार छात्राएं बेहोश, अस्पताल में भर्ती…..

अम्बिकापुर। लखनपुर विकासखंड के ग्राम कोसंगा में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत दी गई दवा के बाद चार स्कूली छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, मिडिल स्कूल में मितानिन द्वारा फाइलेरिया रोधी टैबलेट खिलाने के कुछ देर बाद छात्राएं बेहोश हो गईं।

घटना के बाद सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल इलाज के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत में सुधार हुआ और दो छात्राओं को घर भेज दिया गया, वहीं, दो छात्राओं की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर उन्हें पुनः अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।



जिले में फाइलेरिया रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों को दवा खिलाई जा रही है,गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम कोसंगा स्कूल पहुंची थी, जहां बच्चों को निर्धारित खुराक दी गई थी।

सीएमएचओ ने बताया कारण

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने बताया कि कई बार बच्चे दवा खाने के बाद घबरा जाते हैं, जिससे अधिक सोचने पर हार्टबीट बढ़ जाती है। इसी कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ी,उन्होंने कहा कि सभी बच्चे अब सुरक्षित हैं और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।

सीएमएचओ का बयान

“दवा खाने के बाद चार बच्चों में हार्टबीट बढ़ने की समस्या आई थी। सभी बच्चे स्वस्थ हैं, दो को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि दो का इलाज जारी है।”
डॉ. प्रेम सिंह मार्को, सीएमएचओ, सरगुजा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की निगरानी की जा रही है और अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।