रायगढ़। खरसिया ब्लॉक के ग्राम बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में 9 माह की मासूम बच्ची सहित चार लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है,घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन किया,
धरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे और पीड़ित परिवारों के समर्थन में आवाज बुलंद की
मौके पर पहुंचे विधायक, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमेश नंदकुमार पटेल मौके पर पहुंचे।

उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा एवं प्लांट प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग रखी,विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं गंभीर लापरवाही का परिणाम हैं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

मुआवजा राशि का चेक सौंपा, जांच जारी
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि का चेक प्रदान कर दिया गया है, साथ ही मामले की जांच जारी है, और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है,अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्लांट की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के सख्त पालन की मांग की है।










