खैरागढ़। ग्राम कटंगी में शीतलाल निर्मलकर से जुड़े सामाजिक बहिष्कार के प्रकरण को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) की संयुक्त मौजूदगी में ग्राम पंचायत भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम सरपंच, पंचगण, निर्मलकर समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति या परिवार का सामाजिक बहिष्कार करना, दबाव बनाना अथवा भेदभाव करना कानूनन अपराध है, ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा कि गांव की शांति और सामाजिक समरसता से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी विवाद या मतभेद की स्थिति में कानून को हाथ में लेना अनुचित है,समस्याओं का समाधान संवाद, आपसी सहमति तथा पंचायत एवं प्रशासनिक माध्यमों से ही किया जाना चाहिए, बैठक में सभी पक्षों की बातें ध्यानपूर्वक सुनी गईं और आपसी सहयोग से विवाद सुलझाने पर जोर दिया गया,इस अवसर पर ग्राम सरपंच एवं समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी,ग्रामीणों ने भी गांव में भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने का संकल्प लिया,प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी










