कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रदर्शन की होगी, त्रैमासिक समीक्षा, ग्रीन-यलो-रेड कैटेगरी में होगा, वर्गीकरण

रायपुर। दिल्ली में हाल ही में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेतृत्व ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को लेकर अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं, अब नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के कार्यों की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ग्रीन, यलो और रेड तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा,दिल्ली दौरे से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन जिला अध्यक्षों का प्रदर्शन संतोषजनक रहेगा, उन्हें ग्रीन कैटेगरी में रखा जाएगा,औसत प्रदर्शन करने वाले अध्यक्ष यलो कैटेगरी में आएंगे, जबकि लगातार कमजोर प्रदर्शन करने वालों को रेड कैटेगरी में शामिल किया जाएगा।


दीपक बैज ने कहा कि रेड कैटेगरी में आने वाले जिला अध्यक्षों को पहले सुधार का अवसर दिया जाएगा इसके बावजूद यदि उनके कामकाज में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें पद से हटाया भी जा सकता है,मंगलवार को इंदिरा भवन में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला एवं शहर अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया,इस बैठक में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु सहित कई राज्यों के अध्यक्ष शामिल हुए,बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे, नेतृत्व ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला अध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए उन्हें वैचारिक और रणनीतिक रूप से मजबूत करना बेहद आवश्यक है।