गंडई। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण कराया गया,राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के माध्यम से जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के चार पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को उड़ीसा भ्रमण पर भेजा गया,माननीय कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में कक्षा 11वीं के 8 छात्र-छात्राओं एवं 4 शिक्षक-शिक्षिकाओं का दल उड़ीसा रवाना हुआ, दल को एडीएम सुरेन्द्र ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे एवं जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, इस अवसर पर विद्यार्थियों को नोटपैड एवं पेन भी प्रदान किए गए,शैक्षणिक भ्रमण के लिए कक्षा 10वीं सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय में अध्ययनरत छात्रों का चयन किया गया था,भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक धरोहरों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

दिनांक 7 फरवरी 2026 को छात्रों ने भुवनेश्वर स्थित रीजनल साइंस सेंटर का भ्रमण किया, जहां विभिन्न प्रयोगों एवं मॉडलों के माध्यम से विज्ञान की बारीकियों को समझा। विद्यार्थियों ने ब्रह्मांड, तारामंडल, भौतिकी, गणित एवं मेंडल के प्रयोगों का अध्ययन किया। साथ ही डायनासोर पार्क, लाइट गैलरी, मिरर गैलरी एवं एचडी गैलरी का भी अवलोकन किया,8 फरवरी 2026 को छात्रों को नंदन कानन चिड़ियाघर ले जाया गया, जहां उन्होंने विभिन्न वन्य जीवों, पक्षियों, सरीसृपों एवं जलीय जीवों को नजदीक से देखा और जैव विविधता के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात छात्र जगन्नाथ पुरी पहुंचे, जहां उन्होंने गोल्डन बीच पर समुद्र का अवलोकन किया और प्राकृतिक वातावरण का अध्ययन किया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर मंदिर की स्थापत्य कला एवं ऐतिहासिक महत्व को समझा। साथ ही चंद्रभागा, धवलगिरी, चंद्रगिरी, सांची स्तूप एवं कोणार्क सूर्य मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण किया।

यह शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित अपने घर लौटे,भ्रमण को सफल बनाने में आत्माराम साहू, श्रीकुमार पांडे, प्रेरणा केशरवानी, सौम्या शर्मा, राम्हिन चंद्रवंशी, अनिता सरकार, दल प्रभारी पवन कुमार ददरया एवं जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी का विशेष सहयोग रहा,भ्रमण के पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है, जो भविष्य में उनके लिए उपयोगी सिद्ध होता है।
रिपोर्टर राशिद जमाल सिद्दीकी










