रायगढ़। रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने कुख्यात मवेशी तस्कर रब्बुल खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 गौवंश मुक्त कराए हैं।

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा,पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहा है, सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रब्बुल खान पिता काशिम खान (उम्र 39 वर्ष), निवासी करवारजोर, थाना लैलूंगा के रूप में हुई है,आरोपी के कब्जे से लगभग 2 लाख 56 हजार रुपये मूल्य के 32 गौवंश बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बुचड़खाने की ओर ले जाने की बात स्वीकार की है,मुक्त कराए गए सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया तथा उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया है,, आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई कर 8 मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक राजू तिग्गा एवं आरक्षक किशोर कुल्लू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मवेशियों की तस्करी, अवैध परिवहन और क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऑपरेशन शंखनाद के तहत ऐसे अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि गौवंश तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










