के. सी. जी.। छुईखदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
अंतर्गत जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन छुईखदान के केकती बाड़ी मैदान में किया गया,इस अवसर पर 115 जोड़े विधिवत वैवाहिक बंधन में बंधे, जिससे पूरा छुईखदान क्षेत्र उल्लास और विवाहोत्सव के रंग में रंगा नजर आया,कार्यक्रम की सबसे विशेष और आकर्षक झलक तब देखने को मिली, जब 115 दूल्हों की सामूहिक बारात बैंड-बाजे के साथ लगभग एक किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए, विवाह स्थल तक पहुंची, एक ही बैंड की धुन पर थिरकते हजारों बारातियों ने नगर को उत्सवमय बना दिया, मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बारातियों का भव्य स्वागत किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग बना ‘घराती’
इस सामूहिक विवाह आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग ने घराती की भूमिका निभाई,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुल्हनों की सहेलियां बनीं और विवाह की सभी पारंपरिक रस्मों में सक्रिय सहभागिता निभाई, खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा हल्दी, स्वागत एवं अन्य वैवाहिक रस्में संपन्न कराई गईं, जिससे आयोजन में आत्मीयता और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

दहेज-विहीन विवाह को मिला बढ़ावा
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवविवाहित जोड़ों को चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई तथा आवश्यक घरेलू सामग्री भी भेंट स्वरूप दी गई,इससे दहेज-विहीन विवाह की परंपरा को प्रोत्साहन मिला और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त सहयोग प्राप्त हुआ।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे,विधायक यशोदा वर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल है, और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देती है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब माता-पिता के लिए बड़ा सहारा है,कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रवाल ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक कन्या के लिए ₹35,000 उपहार सामग्री हेतु डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि दी जा रही है।

NSS वॉलिंटियर्स का अतुलनीय सहयोग
कार्यक्रम के सफल संचालन में NSS रानी दुर्गा अवंती बाई कॉलेज छुईखदान के एनएसएस वॉलिंटियर्स का सहयोग अतुलनीय रहा,वॉलिंटियर्स ने बारात व्यवस्था, अतिथियों के मार्गदर्शन, मंच संचालन सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसकी सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

पूरे छुईखदान में छाया उत्सव का माहौल
सामूहिक विवाह आयोजन से पूरे छुईखदान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा नागरिकों ने शासन की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं,कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी पी. आर. खूंटेल, जनपद पंचायत छुईखदान की सीईओ केशवरी देवांगन, परियोजना अधिकारी रंजना श्रीवास्तव, सुनील बंजारे, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंच तथा वर-वधु के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्टर राशिद जमाल सिद्दीकी










