रैंप योजना के तहत गंडई में हथकरघा कंडरा केंद्र में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

खैरागढ़। केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के हस्तशिल्प केंद्र गंडई में हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के लिए सेक्टर स्पेसिफिक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, यह प्रशिक्षण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया,कार्यक्रम में कुल 30 उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया,प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाना रहा।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, कार्य प्रणाली एवं समस्याओं की जानकारी ली गई। इसके बाद मास्टर ट्रेनर द्वारा वन-टू-वन मार्गदर्शन के माध्यम से संस्थागत ढांचे, अनुभवों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।



द्वितीय दिवस केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधानों, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीति एवं उद्यम पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं अंतिम दिवस आयात-निर्यात रणनीति, विभागीय समन्वय तथा भविष्य की मांगों के अनुरूप बांस से निर्मित फर्नीचर, घरेलू सामग्री, निर्माण सामग्री, हस्तशिल्प उत्पाद, कागज, कपड़े, बांस चारकोल, मुरब्बा, अचार-चटनी जैसे खाद्य उत्पादों के निर्माण पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, ऋण सुविधा, सब्सिडी, वर्किंग कैपिटल एवं प्रस्तुति कौशल से भी अवगत कराया गया। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से आदिवासी जनजाति कंडरा समाज के लोगों को प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत उद्यम पंजीयन भी कराया गया,इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष लाल तारकेश्वर शाह खुसरो एवं उपाध्यक्ष  श्यामपाल ताम्रकार की उपस्थिति प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत रही,प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक बताया, कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्रीमती पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा एवं श्री तुषार साहू की सक्रिय भूमिका रही, समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी