अधीक्षक की वापसी की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतरे, 4 किमी पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकले

बलरामपुर। जिले के भेलवाडीह स्थित पहाड़ी कोरबा आश्रम छात्रावास में अधीक्षक को हटाए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है, अधीक्षक की पद से हटाए जाने से नाराज़ छात्र सड़क पर उतर आए और अपनी मांगों को लेकर पैदल ही कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हो गए।



जानकारी के अनुसार, छात्रावास के दर्जनों बच्चे लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तय कर कलेक्टर से शिकायत करने निकले। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की अधीक्षिका एवं प्राचार्य द्वारा लंबे समय से उनके साथ प्रताड़ना और मनमानी की जा रही थी, बच्चों का कहना है कि वर्तमान अधीक्षक उमा सोनवानी उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझती थीं और हमेशा उनके हित में कार्य करती थीं।

छात्रों का दावा है कि उमा सोनवानी को हटाए जाने के बाद छात्रावास में उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं, इसी कारण वे अधीक्षक की पुनः नियुक्ति की मांग पर अड़े हुए हैं।



रास्ते में प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जिम्मेदारों ने बच्चों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्र कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी बात रखने पर अडिग रहे,मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है,खबर लिखे जाने तक छात्रों की मांगों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा जारी थी।