रायगढ़ । जिले में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने व्यापक स्तर पर औचक जांच अभियान चलाया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में 6 फरवरी 2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों और वित्तीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया।

अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों का भ्रमण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए थे, निर्देशों के पालन में राजपत्रित अधिकारियों सहित पुलिस बल ने अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बैंक गार्ड एवं आर्म्स गार्ड के शस्त्र-लाइसेंस, चेस्ट-लॉकर व्यवस्था, कैश मूवमेंट की सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन तथा बैंक के गेट-दरवाजों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन संपर्क नंबरों की उपलब्धता, तथा बैंक अधिकारियों के पास पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबरों की मौजूदगी की भी जांच की गई, निरीक्षण के दौरान जहां कहीं भी कमियां पाई गईं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों से चर्चा कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, साथ ही बैंक परिसरों के आसपास ठेले एवं दुकानदारों से संवाद कर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 या संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए जागरूक किया गया।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले की सभी वित्तीय संस्थाओं को सुरक्षित रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-समय पर निरीक्षण, सुरक्षा ऑडिट एवं बैंक प्रबंधन के साथ समन्वय के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जाएगा, बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान से जिले के बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।









