रायपुर । छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर संगठनात्मक असंतोष खुलकर सामने आया है, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है,उन्होंने यह इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र के माध्यम से सौंपा है।

अपने इस्तीफे में निवेदिता चटर्जी ने संगठन में लंबे समय से उपेक्षा और जिम्मेदारी न मिलने के गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने लिखा है कि पिछले 11 वर्षों से वह लगातार पार्टी के लिए कार्य कर रही हैं, बावजूद इसके उन्हें कोई ठोस जिम्मेदारी या आगे बढ़ने का अवसर नहीं दिया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से वह लगातार PCC सचिव के पद पर बनी रहीं, जबकि इसी दौरान कई नेता ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर विधायक, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों तक पहुंच गए, उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उनके सामने ही दीपक बैज ब्लॉक अध्यक्ष बने, विधायक, सांसद और अंततः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने, लेकिन वह स्वयं वर्षों से उसी पद पर बनी रहीं।

निवेदिता चटर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के कठिन समय में वह हमेशा संगठन के साथ मजबूती से खड़ी रहीं, लेकिन जब उन्हें समर्थन, सम्मान और अवसर की आवश्यकता थी, तब संगठन ने उनका साथ नहीं दिया,अपने पत्र में उन्होंने संगठन के भीतर लगातार अनदेखी, अवसरों की कमी और उपेक्षा को अपने फैसले का मुख्य कारण बताया है, राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बढ़ती अंदरूनी असंतुष्टि और गुटबाजी का संकेत माना जा रहा है, जो आने वाले समय में पार्टी के लिए चुनौती बन सकता है,फिलहाल, पार्टी नेतृत्व की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









