छुईखदान / केसीजी। पुलिस महानिरीक्षक राजनंदगांव रेंज के मार्गदर्शन में जिला केसीजी पुलिस टीम ने लगातार 30 घंटे के अथक प्रयास के बाद कई जिलों में ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है,आरोपी ने मेडिसिन कंपनी में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर प्रार्थी से 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रेखचंद जंघेल, निवासी बोरई थाना छुईखदान, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला एवं हुलास कुमार साहू ने 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच दवाई कंपनी में निवेश व दवाई बिक्री पर 30 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर उससे बड़ी रकम ठग ली।

प्रकरण में थाना छुईखदान में दिनांक 03 फरवरी 2025 को अपराध क्रमांक 41/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था,घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना नाम व पता बदल रहे थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार 30 घंटे तक अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया,पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दिनांक 05 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी हुलास कुमार साहू को अभिरक्षा में लेकर विधिवत कार्रवाई की गई, जबकि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कडियाला को माननीय न्यायालय में पेश किया गया,न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है,पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ठगी के मामलों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।










