“पिछला बजट ही नहीं हुआ खर्च, तो 2047 की बात बेमानी :- शाहिद भाई”

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री एवं राजनांदगांव लोकसभा प्रभारी शाहिद भाई ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने इस बजट को हास्यास्पद और जनविरोधी बताते हुए कहा कि जब पिछले बजट की राशि ही पूरी तरह खर्च नहीं हुई, तो विकसित भारत और मिशन 2047 की बातें करना पूरी तरह बेमानी है।

शाहिद भाई ने कहा कि भाजपा सरकार बार-बार विकसित भारत का दावा करती है, लेकिन बजट 2026 में गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है, बजट से साफ जाहिर होता है कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता नहीं है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों के बजट में भारी कटौती की है—



ग्रामीण विकास: ₹53,067 करोड़

शहरी विकास: ₹39,573 करोड़

सामाजिक कल्याण: ₹9,999 करोड़

कृषि: ₹6,985 करोड़

शिक्षा: ₹6,701 करोड़

स्वास्थ्य: ₹3,686 करोड़


शाहिद भाई ने कहा कि बहुप्रचारित जल जीवन मिशन का बजट भी 67,000 करोड़ रुपये से घटाकर मात्र 17,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो लगभग 75 प्रतिशत की कटौती है। इससे आम जनता को शुद्ध पेयजल से वंचित होना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सूचना और प्रसारण विभाग पर केवल अपनी छवि चमकाने के लिए अधिक खर्च कर रही है, जबकि जनहित की योजनाओं की अनदेखी की जा रही है, सरकार खनिज संपदाओं की लूट और खनिज कॉरिडोर बनाने में व्यस्त है, लेकिन जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही,शाहिद भाई ने पूर्व बजट घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए, कहा कि कितने स्मार्ट सिटी बने, बुलेट ट्रेन कहां चली और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा कहां पूरा हुआ, भाजपा सरकार की अधिकांश घोषणाएं केवल जुमला साबित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का मायाजाल है। जब पहले से आवंटित राशि का सही उपयोग नहीं हुआ, तो विकसित भारत का सपना कैसे पूरा होगा, यह बजट देश की अर्थव्यवस्था की चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह विफल है,अंत में उन्होंने कहा कि बजट 2026 आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और यह पूरी तरह से फेल बजट है।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी