ग्राम गोकना में श्रद्धा और सेवा के साथ मनाया गया गौ पैरा त्यौहार

के. सी. जी./गोकना। ग्राम गोकना में समस्त ग्रामवासियों द्वारा परंपरागत गौ पैरा त्यौहार श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर उनके संरक्षण और सेवा का संकल्प लिया,
ग्रामवासियों द्वारा लावारिस एवं बेसहारा मवेशियों को गांव में लाकर उनकी नियमित देखभाल की जाती है।

ग्रामीण अपने स्तर पर मवेशियों के लिए चारा, पानी और आश्रय की व्यवस्था करते हैं, विशेष रूप से पैरा (पराली/भूसा) की अधिक आवश्यकता होने के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों के पालन-पोषण के लिए शासन की विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, लेकिन आज तक इनका लाभ ग्राम गोकना के लोगों को नहीं मिल पाया है, इसके बावजूद गांववासी आपसी सहयोग से चारे और देखभाल की व्यवस्था कर रहे हैं।


गौ पैरा त्यौहार के माध्यम से ग्रामीणों ने समाज में पशु प्रेम और सेवा की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया,इस आयोजन में गांव के प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे,कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच उमेदी राम साहू, उपसरपंच गणेश साहू, संजू सिंह चंदेल, लीला धुर्वे, हेमू साहू, बांकेलाल, रूपनारायण हिरवानी, टिकेश्वर साहू एवं भुवन साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने गौ माता की सेवा में अपना अमूल्य समय समर्पित किया।


ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मवेशियों के संरक्षण एवं चारा व्यवस्था के लिए संचालित योजनाओं का लाभ ग्राम गोकना तक पहुंचाया जाए, ताकि पशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी