रायगढ़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत रायगढ़ जिले में आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का समापन शुक्रवार को पुलिस सामुदायिक भवन परिसर में भव्य रूप से किया गया,इस अवसर पर जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट भागीदारी करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, पूर्व सभापति सुरेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, सभी अतिथियों ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस, परिवहन विभाग, एनएच एवं पीडब्ल्यूडी सहित कई विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं,उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे “संदेशदूत” बनकर अपने परिवार और समाज को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से हेलमेट व नियमों के पालन के लिए परिवार के सदस्यों को प्रेरित करने का आग्रह किया गया।


महापौर जीवर्धन चौहान ने हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की वहीं, एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं।


डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में जागरूकता रथ, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट वितरण, रैली और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान 1850 वाहनों में रेडियम टेप लगाए गए तथा 645 भारी वाहन चालकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, साथ ही 42 शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।


विद्यालयीन स्तर पर “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” विषय पर चित्रकला, स्लोगन लेखन और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 18 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क हेलमेट वितरण भी किया गया।


समापन अवसर पर साधुराम विद्या मंदिर, संस्कार पब्लिक स्कूल एवं श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक व नृत्य के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। अंत में सभी अधिकारियों एवं नागरिकों ने सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने का संकल्प लिया,कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस परिवार, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।











