गांधी जयंती की परंपरा पर सवाल: पुण्यतिथि पर खुली शराब दुकानें, मचा राजनीतिक बवाल…

भाटापारा। बलौदाबाजार–भाटापारा जिला एक बार फिर अपने फैसलों को लेकर सुर्खियों में है, इस बार मामला महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी का है, जिसे देशभर में शुष्क दिवस के रूप में मनाया जाता है,इसी दिन हथबंद क्षेत्र में नई अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकानों का उद्घाटन किए जाने से जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी चर्चा शुरू हो गई है।


परंपरागत रूप से 2 अक्टूबर गांधी जयंती और 30 जनवरी पुण्यतिथि के अवसर पर शराब दुकानों को बंद रखा जाता रहा है, लेकिन आबकारी विभाग के नियमों में बदलाव के बाद इस बार 30 जनवरी को ही नई दुकानों का शुभारंभ कर दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।



इस मामले पर भाटापारा के कांग्रेस विधायक इन्द्र साव ने कड़ा विरोध जताया है, उन्होंने कहा कि गांधी जी की पुण्यतिथि जैसे पवित्र और संवेदनशील दिन पर शराब दुकान खोलना शर्मनाक है,प्रशासन को इस तिथि का सम्मान करते हुए निर्णय लेना चाहिए था,उन्होंने इसे महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों के खिलाफ बताया।



गांधी जी देश को अहिंसा, संयम और नशामुक्ति का संदेश देने वाले महापुरुष थे,ऐसे में उनकी पुण्यतिथि पर शराब दुकानों का उद्घाटन होना आम जनता में भी असंतोष का कारण बन रहा है।



अब इस मामले में प्रशासन और आबकारी विभाग की ओर से क्या स्पष्टीकरण आता है और आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।