जांजगीर/चांपा। जिले के ग्राम पंचायत मोहतरा में फ्लाई ऐश प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा,बड़ी संख्या में ग्रामीण शिवरीनारायण–बिर्रा मुख्य मार्ग पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।


ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाई ऐश ढोने वाले वाहनों और खुले में डंपिंग के कारण गांव में भारी प्रदूषण फैल रहा है, राखड़ से स्कूल का खेल मैदान, सड़क, तालाब, नाला और अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे बच्चों, पशुओं और आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है।


प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि फ्लाई ऐश ढोने वाले वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और डंपिंग को कंपनी परिसर के भीतर ही शिफ्ट किया जाए, साथ ही, खेल मैदान, चारागाह और नाला क्षेत्र को पूर्व स्थिति में बहाल करने की भी मांग उठाई गई।


मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं,और प्रशासन से त्वरित व ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं,स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।











