जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरा में हुई युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है,इस हत्याकांड में युवती का प्रेमी ही उसका हत्यारा निकला, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।



पुलिस के अनुसार पीपरा गांव निवासी प्रवीण चंद्रवंशी ने मंगलवार को किसी आपसी विवाद के चलते खेत में कीचड़ के बीच युवती का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी,हत्या से पहले युवती को मंगलवार सुबह करीब 4 बजे घर से निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद होते देखा गया था, जो जांच में अहम सबूत साबित हुआ।


घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। बुधवार सुबह युवती के शव को परिजन एवं ग्रामीणों ने राछा चौक पर सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, ग्रामीणों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया, करीब तीन घंटे तक जांजगीर–शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम रहा।


सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी, इसी दौरान पुलिस ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी को कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है,इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया।

एडिशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी प्रवीण चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, आरोपी को फरार होने में सहयोग करने वाले उसके भाई और एक मित्र को भी हिरासत में लिया गया है, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

क्या कहते हैं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
उमेश कुमार कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा
“मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी प्रवीण चंद्रवंशी को कोरिया जिले से गिरफ्तार किया गया है,आरोपी की मदद करने वाले दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी हैं”।











