गोकना की सरला साहू बनीं गंडई का गौरव, विश्वविद्यालय से मिले,चार स्वर्ण पदक

गंडई। गंडई से मात्र 3 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गोकना की प्रतिभाशाली छात्रा सरला साहू ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के 17वें दीक्षांत समारोह (दिनांक 28 जनवरी) में सरला साहू को संगीत संकाय सत्र 2022–23 की एम.पी.ए. (गायन) परीक्षा में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर चार स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।



विश्वविद्यालय की ओर से सरला साहू को मेघराज जैन स्वर्ण पदक, पद्माकर यशवंत राव बक्शी स्वर्ण पदक, शैल बाला सुरेंद्रनाथ मिश्र स्मृति स्वर्ण पदक एवं स्व. डॉ. अमरेश चंद्र स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किए गए,ये सम्मान विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल माननीय रेमन डेका जी के करकमलों से प्रदान किए गए, समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा जी, कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा तथा फिल्म अभिनेता व विधायक अनुज शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।



उल्लेखनीय है कि सरला साहू की रुचि विद्यार्थी जीवन से ही गायन के प्रति रही है,उन्होंने अध्ययन काल में अनेक पुरस्कार एवं सम्मान अर्जित कर ग्राम गोकना को गौरवान्वित किया है, सरला साहू नेट परीक्षा उत्तीर्ण हैं, तथा वर्तमान में शासकीय नवीन संगीत महाविद्यालय, दुर्ग में संगीत संकाय में अतिथि व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रही हैं,साथ ही वे छत्तीसगढ़ी लोककला मंच ‘दूध मोंगरा’ से जुड़कर अपनी गायन प्रतिभा का निरंतर प्रदर्शन कर रही हैं।



अपनी इस उपलब्धि का श्रेय सरला साहू ने अपने दादा राम सहाय साहू, दादी सुखबती साहू, माता जियन बाई, पिता राजू साहू, परिवारजनों तथा विश्वविद्यालय के गुरुओं डॉ. दिनेश देवदास एवं डॉ. लोकेश्वर वर्मा को दिया है।



सरला साहू की इस सफलता पर डॉ. पी.सी. लाल यादव, द्वारिका यादव, गौतम चंद जैन, सरस्वती निषाद एवं दूध मोंगरा के सभी लोक कलाकारों ने उन्हें बधाई देते हुए, उज्ज्वल भविष्य की कामना की है, इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से ग्राम गोकना सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्टर : राशिद जमाल सिद्दीकी