बलरामपुर। धान बेचने के लिए बलरामपुर धान खरीदी केंद्र में किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, आज सुबह 3:00 बजे से ही किसानों की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में वाहन कतारबद्ध खड़े नजर आए।

जानकारी के अनुसार धान खरीदी की लिमिट मात्र दो दिन के लिए बढ़ाई गई है, जिसके चलते अचानक किसानों की भीड़ बढ़ गई। आज बलरामपुर धान खरीदी केंद्र में 118 किसानों से लगभग 7000 क्विंटल धान की खरीदी की जानी है।


लिमिट बढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से किसान बड़ी संख्या में केंद्र पहुंचे, जिससे व्यवस्था पर दबाव बन गया। भीड़ अधिक होने के कारण खरीदी केंद्र परिसर में विवाद की स्थिति भी बन रही है, वहीं वाहनों की अधिकता से जाम जैसी हालत उत्पन्न हो गई है।

किसानों का कहना है कि समय कम और लिमिट सीमित होने के कारण उन्हें मजबूरी में रात से ही लाइन लगानी पड़ रही है। वहीं प्रशासन और खरीदी एजेंसियों के सामने भी व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है,स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।











