रायगढ़। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ जिले के चिकित्सा विभाग द्वारा मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया गया,इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के चर्चित अभिनेता एवं प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता तरुण बघेल को एच.आई.वी./एड्स जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और सतत कार्य के लिए जिला स्तर पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार जगत ने तरुण बघेल को प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए, उनके समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) रंजना पैंकरा एवं मीडिया प्रभारी उमा महंत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

तरुण बघेल लंबे समय से जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ. जया चौधरी एवं आईसीटीसी काउंसलर कांति तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न संवेदनशील और जोखिमग्रस्त समूहों के बीच जागरूकता अभियान चला रहे हैं,उनके कार्यों में विशेष रूप से लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक ड्राइवर व हेल्पर, अप्रवासी मजदूर, हाई-रिस्क ग्रुप के सेक्स वर्कर सहित अन्य जोखिम वाले वर्गों को परामर्श, जांच एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है।


श्री बघेल ने जिंदल फाउंडेशन, लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना तथा अन्य सामाजिक संगठनों के माध्यम से जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य किया है, यह पहला अवसर नहीं है जब उनके प्रयासों को सम्मान मिला हो; इससे पूर्व भी उन्हें छत्तीसगढ़ एड्स कंट्रोल सोसायटी द्वारा राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।


तरुण बघेल की इस उपलब्धि पर जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और सहयोगियों ने हर्ष व्यक्त किया,बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से निश्चय समिति के प्रमुख संदीप चक्रवर्ती, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर रूमा बोस तथा मुकेश गोस्वामी (प्रोजेक्ट डायरेक्टर, जनमित्रम) शामिल रहे।

यह सम्मान न केवल तरुण बघेल के सामाजिक योगदान का प्रतीक है, बल्कि समाज में एड्स जैसे गंभीर विषय पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।











