रायपुर। शिक्षक भर्ती 2023 में नियुक्ति की मांग को लेकर डी.एड/डी.एल.एड उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी रायपुर में 2,300 रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थी बीते 24 दिसंबर 2025 से अनशन पर बैठे हुए हैं, बुधवार को आंदोलनरत अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ नया रायपुर स्थित शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के आवास पहुंचे और घेराव किया।


अभ्यर्थियों ने हाथ जोड़कर शिक्षा मंत्री से मुलाकात की मांग की और शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की,आंदोलन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने इच्छामृत्यु की मांग भी की, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया, घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।


प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद शिक्षा मंत्री से शाम को मुलाकात का समय निर्धारित किया गया, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने अपना घेराव कार्यक्रम समाप्त किया।


प्रेस क्लब में अभ्यर्थियों ने रखी पीड़ा
मंत्री से मुलाकात का समय मिलने के बाद डी.एड अभ्यर्थी रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपनी व्यथा साझा की अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने शिक्षक बनने के उद्देश्य से प्रशिक्षण पूरा किया, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिल पाई है।


अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को लेकर शासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन और कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आमरण अनशन जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे,अभ्यर्थियों ने सरकार से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और रिक्त पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।











