रायगढ़। जिले के नवपदस्थ पुलिस कप्तान शशिमोहन सिंह ने पदभार संभालने के बाद आज पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया से सीधा संवाद किया, पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और जोश से भरे नजर आए एसएसपी सिंह ने दो टूक कहा कि रायगढ़ में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा, और पुलिस के संरक्षण में जुआ, सट्टा या अवैध शराब जैसी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान एसएसपी शशिमोहन सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका पहला लक्ष्य अपराध को घटित होने से पहले रोकना है, इसके लिए आम जनता को साथ लेकर मजबूत कम्युनिटी व सोशल पुलिसिंग मॉडल विकसित किया जाएगा, ताकि पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास का सेतु और अधिक मजबूत हो सके, उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराध होता भी है,तो उसकी निष्पक्ष विवेचना कर दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी होगी।


एसएसपी सिंह ने साइबर फ्रॉड को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि हाईटेक अपराधों से निपटने के लिए जनजागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है,उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

औद्योगिक जिला होने के कारण रायगढ़ में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है,इसके लिए कलेक्टर एवं संबंधित विभागों व मंत्रियों से समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि थाना एवं चौकियों में लंबे समय से जमे पुलिस कर्मियों पर तबादले की कार्रवाई की जाएगी,यदि कहीं से भी पुलिस संरक्षण में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिली तो उसे सीधे उनके संज्ञान में लाया जाए—दोषियों पर बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई होगी।


कुल मिलाकर, नए पुलिस कप्तान शशिमोहन सिंह ने अपने तेवर और स्पष्ट रणनीति से यह संदेश दे दिया है कि रायगढ़ में अब कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले को सुरक्षित व अपराध-मुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।











