हरडुवा जलाशय में युवती की हत्या का खुलासा, 6 घंटे में पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी,प्रेम संबंध के बाद शादी से इंकार पर आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या, शव बांध में फेंका

खैरागढ़/छुईखदान/गंडई। थाना ठेलकाडीह क्षेत्र अंतर्गत हरडुवा जलाशय बांध में मिली एक अज्ञात युवती की लाश के मामले में पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, प्रेम संबंध के बाद शादी करने से इंकार करने पर आरोपी द्वारा युवती की बेरहमी से हत्या कर शव को जलाशय में फेंकने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26.01.2026 को दोपहर लगभग 12 बजे थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की सूचना की पुष्टि होने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन में जिला सीजी पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।


शव की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही थी, इसी दौरान पानी में कुछ दूरी पर एक कैरी बैग तैरता मिला, जिसमें मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल एवं अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज पाए गए,दस्तावेजों के आधार पर मृतिका की पहचान रूपा साहू, पिता देवनाथ साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला भिलाई, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई, परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।


हत्या की आशंका पर पुलिस ने मौके पर ही देहाती नालसी कायम करते हुए अप.क्र. 12/2026 धारा 103(1)-238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। शव का पंचनामा कर सीएचसी घुमका में पोस्टमार्टम कराया गया, जहां डॉक्टर द्वारा हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर में गंभीर चोट लगने एवं अत्यधिक रक्तस्राव से मृत्यु होना बताया गया।


परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का प्रेम संबंध हरडुवा निवासी आनंद वर्मा, पिता राधेलाल वर्मा के साथ था, आरोपी शादी करने से इंकार कर रहा था, करीब तीन-चार माह पूर्व युवती शादी की बात करने आरोपी के घर गई थी, जहां उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया था, आशंका जताई गई कि दिनांक 25.01.2026 को भी वह शादी की बात करने आरोपी के पास गई थी।


पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश कर उसके घर पहुंचकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया, आरोपी ने बताया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था और शादी नहीं करना चाहता था,बार-बार शादी का दबाव बनाने पर उसने युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हरडुवा जलाशय ले गया, जहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी, शव को छुपाने के लिए दो गमछों से कमर बांधकर बड़े पत्थर के साथ पानी में फेंक दिया।


आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून लगे कपड़े एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 27.01.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


इस संपूर्ण कार्रवाई में एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल की टीम एवं थाना ठेलकाडीह पुलिस की अहम भूमिका रही, उत्कृष्ट विवेचना कार्य के लिए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव द्वारा टीम को उचित ईनाम से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी