छत्तीसगढ़ में ठंड की विदाई के संकेत, तापमान में लगातार बढ़ोतरी…..

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है,जनवरी के अंतिम दिनों में ठंड का असर कमजोर पड़ने लगा है, और प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और देर रात अभी भी हल्की ठंड बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है,फिलहाल पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, और आने वाले कुछ दिनों तक बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।



बीते 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, वहीं सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में रात का तापमान सबसे कम रहा, जिससे वहां ठंड का असर अब भी महसूस किया जा रहा है, बिलासपुर, पेंड्रारोड, जगदलपुर और राजनांदगांव समेत अन्य जिलों में आसमान साफ रहा और मौसम शुष्क बना रहा।

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर कमजोर पड़ता दिख रहा है, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया, जबकि दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की गई,हालांकि सुबह और रात के समय ठंडक अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है,मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड धीरे-धीरे विदा ले सकती हैं,और फरवरी की शुरुआत के साथ ही तापमान में और इजाफा देखने को मिलेगा।