भाटापारा/बलौदाबाजार। बलौदा बाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूल में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर के बाहर गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई फायरिंग में एक छात्रा के पैर में गोली का छर्रा लग गया, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार में भर्ती कराया गया,चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की हालत अब खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था,कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर गुपचुप खाने गई थीं,गुपचुप विक्रेता के पास पहले से अधिक बुकिंग होने के कारण गुपचुप खत्म हो गया, इसी बात को लेकर वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति से विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपने पास रखी दोनाली बंदूक से अचानक फायर कर दिया, फायरिंग में निकली गोली का छर्रा पास में खड़ी एक छात्रा के पैर में जा लगा,गोली चलने की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग दहशत में आ गए, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल स्टाफ ने घायल छात्रा को तत्काल जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है, और हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है, घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।










