रायगढ़। घरघोड़ा नगर का सबसे पुराना मुक्तिधाम अब स्मृतिवाटिका के रूप में नई पहचान बना रहा है, नगरवासियों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में आपसी सहयोग और श्रमदान से मुक्तिधाम की तस्वीर ही बदल दी है, वर्षों तक अव्यवस्था, गंदगी और असुविधाओं से जूझता यह स्थल अब हरियाली, स्वच्छता और सौंदर्य का उदाहरण बन चुका है।

नगरवासियों की इस अनुकरणीय पहल से मुक्तिधाम का स्वरूप इतना आकर्षक हो गया है कि यहां अब लोग सैर और आत्मिक शांति के लिए भी पहुंचने लगे हैं, मुक्तिधाम परिसर में वॉल गार्डन और व्यवस्थित पथ निर्माण किया गया है, जिससे अंतिम संस्कार में आने-जाने वालों को भी सुविधा मिल रही है।
संभागायुक्त ने किया पौधरोपण, जताई प्रसन्नता
घरघोड़ा के एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने स्मृतिवाटिका में चंदन एवं फलदार अमरूद का पौधा रोपित किया, उन्होंने जनसहयोग से किए गए इस कार्य की सराहना करते हुए, नगरवासियों को शुभकामनाएं दीं, मुक्तिधाम का अवलोकन कर वे इसकी सुंदरता और व्यवस्थाओं को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।
उल्लेखनीय है कि संभागायुक्त सुनील जैन पूर्व में कई वर्षों तक घरघोड़ा में एसडीएम के पद पर पदस्थ रह चुके हैं, जिसके कारण उनका नगरवासियों से आत्मीय संबंध रहा है।

जनसहयोग से बदली अंतिम पड़ाव की तस्वीर
पूर्व में मुक्तिधाम आने-जाने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, गंदगी, मल-मूत्र और अव्यवस्था के कारण यह स्थल उपेक्षित स्थिति में था,इस दुर्दशा को देखते हुए नगरवासियों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में जनसहयोग से इसके जीर्णोद्धार का संकल्प लिया, लोगों ने श्रमदान किया और विभिन्न अवसरों पर पौधरोपण कर हरियाली विकसित की।
400 से अधिक फलदार व छायादार पौधे
मुक्तिधाम को संवारने में जुटे नगर के प्रबुद्धजनों ने बताया कि अब तक यहां 400 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जा चुके हैं,इनमें लगभग 300 फलदार पौधे ‘वूमेन फॉर ट्री’ अभियान के अंतर्गत लगाए गए हैं,ये पौधे न केवल स्थल की शोभा बढ़ा रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा भी हुई स्थापित
नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने बताया कि वर्षों से मुक्तिधाम परिसर में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित करने की भावना थी, जो वर्ष 2026 में पूर्ण हुई, हाल ही में यहां भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा विधिवत रूप से स्थापित की गई है, जिससे मुक्तिधाम को आध्यात्मिक गरिमा भी प्राप्त हुई है।
पहले भी मिल चुकी है प्रशासनिक सराहना
गौरतलब है कि जिले के तत्कालीन कलेक्टर अमित कटारिया भी पूर्व में रेस्ट हाउस से पैदल चलकर मुक्तिधाम पहुंचे थे,और जनसहयोग से किए गए,इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा कर चुके हैं।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय शिशु सिन्हा, सोमदेव मिश्रा, मनोज विश्वाल, गोविंद अग्रवाल, संजय सिन्हा, विजय पंडा, संदीप पांडेय, संतोष अग्रवाल एवं नीरज शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










