यार्ड रीमॉडलिंग का असर: रायपुर–विशाखापट्टनम सहित 4 पैसेंजर ट्रेनें 31 जनवरी से रद्द

रायपुर।छत्तीसगढ़ से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है, ईस्ट कोस्ट रेलवे के संबलपुर मंडल में चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग एवं तकनीकी उन्नयन कार्य के कारण रायपुर से जुड़ी कुछ पैसेंजर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित किया गया है,रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कदम ट्रैक क्षमता बढ़ाने और भविष्य में रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित व सुचारु बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

चार पैसेंजर ट्रेनें अस्थायी रूप से रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार रायपुर–विशाखापट्टनम पैसेंजर (58527) और विशाखापट्टनम–रायपुर पैसेंजर (58528) का संचालन 31 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक रद्द रहेगा, इसी अवधि में रायपुर–जूनागढ़ रोड पैसेंजर (58207) भी उपलब्ध नहीं रहेगी,वहीं जूनागढ़ रोड–रायपुर पैसेंजर (58208) का संचालन 1 फरवरी से 5 फरवरी 2026 तक स्थगित किया गया है।



यार्ड रीमॉडलिंग से प्रभावित हुआ संचालन
यह व्यवधान आरंगमहानदी स्टेशन तथा टीटलागढ़–लखोली सेक्शन में किए जा रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते उत्पन्न हुआ है, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार होगा, और ट्रैक क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

यात्रियों के लिए सलाह
रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के रद्द होने से होने वाली असुविधा पर खेद जताते हुए यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी स्टेशन के पूछताछ काउंटर से जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

पहले भी हो चुकी हैं ट्रेन सेवाएं प्रभावित
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनों को रेल लाइन विस्तार कार्य के कारण रद्द किया गया था, तुमसर रोड यार्ड में तीसरी और चौथी लाइन जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलोकिंग कार्य जारी है, जिसके चलते जनवरी के अंत तक कई मार्गों पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं, रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि सभी कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।