भाटापारा में भीषण औद्योगिक हादसा, स्टील प्लांट में कोल कीलन ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत, प्रशासन अलर्ट

भाटापारा। ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया, डीएससी कोल कीलन में अचानक हुए,तेज ब्लास्ट से प्लेटफॉर्म पर सफाई कार्य कर रहे 6 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह नियमित कार्य के दौरान कोल कीलन यूनिट में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में प्लेटफॉर्म पर मौजूद मजदूर आ गए, ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि आसपास का इलाका धुएं और मलबे से भर गया, हादसे में कुछ अन्य कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर स्थिति को काबू में लिया गया, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया है, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है,हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है, प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी मानकों और कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन की जांच के निर्देश दिए गए हैं, प्रशासन ने अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी सुरक्षा मानकों की सख्ती से समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।



फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है, प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खामी या गैस प्रेशर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।