खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मशाल गौरव यात्रा खैरागढ़ पहुँची, जिला प्रशासन ने किया,भव्य स्वागत

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ को पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की जिम्मेदारी राज्य को सौंपी गई है,प्रतियोगिताओं का आयोजन राजधानी रायपुर एवं जगदलपुर में किया जाएगा।



आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से निकाली जा रही मशाल गौरव यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है, इसी कड़ी में शुक्रवार को यह यात्रा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय पहुँची।



जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में मशाल यात्रा का जिला प्रशासन द्वारा गरिमामय स्वागत किया गया, इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



मशाल के साथ पहुँचे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोरवीर’ का पुष्पमालाओं एवं गुलदस्तों से भव्य स्वागत किया गया,इसके पश्चात जिला पंचायत सीईओ द्वारा हरी झंडी दिखाकर मशाल गौरव यात्रा को रवाना किया गया,मशाल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आम नागरिकों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की जानकारी देती रही, यात्रा वेसलिन इंग्लिश मीडियम स्कूल, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुँची, जहाँ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।



इस दौरान उपस्थित खेल विशेषज्ञों ने बच्चों एवं उभरते हॉकी खिलाड़ियों को जनजातीय खेलों की विशेषताओं, प्रतिभा चयन प्रक्रिया तथा उपलब्ध प्रशिक्षण अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी,उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का मुख्य उद्देश्य दूरदराज एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत प्रतिभाशाली जनजातीय खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आधुनिक खेल प्रशिक्षण के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी