छत्तीसगढ़ में ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी, सरगुजा सबसे ठंडा, शीतलहर का अलर्ट जारी…….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर सर्द तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, प्रदेशभर में ठंडी हवाओं के चलते ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है,न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन साफ तौर पर महसूस की जा रही है, मौजूदा हालात में सरगुजा अंचल प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 जनवरी 2026 को भी प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है,विशेषकर रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे का असर देखा गया,यहां न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि दिन का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।



मौसम विभाग ने ठंड को लेकर प्रदेश के कई जिलों में सतर्कता जारी की है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अंबिकापुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर और बेमेतरा जिलों में ठंड का असर अधिक रहने की संभावना है, इन क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मध्य भारत तक पहुंच रहा है, इसी वजह से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में ठंडी हवाएं चल रही हैं और रात का तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार कम बताए जा रहे हैं।