भोपाल: दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा जाने से किया इनकार, बोले– मैं अपनी सीट खाली करूंगा…..!!

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने जा रहा है,इसे लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की अटकलें तेज थीं, लेकिन दिग्विजय सिंह ने खुद सामने आकर इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है, उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वे दोबारा राज्यसभा नहीं जाएंगे और अपनी सीट खाली करेंगे, उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

अनुसूचित जाति वर्ग को राज्यसभा भेजने पर बोले दिग्विजय
मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में दिग्विजय सिंह ने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार द्वारा लिखे गए पत्र पर निर्णय उनके हाथ में नहीं है, उन्होंने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान करेगा, लेकिन इतना तय है कि वे खुद अपनी सीट छोड़ रहे हैं।



जमीनी राजनीति पर फोकस करेंगे दिग्विजय सिंह
साल 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए,दिग्विजय सिंह अब पूरी तरह प्रदेश की जमीनी राजनीति पर ध्यान देना चाहते हैं,पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनकी 2018 की नर्मदा यात्रा का विधानसभा चुनाव में खासा असर देखने को मिला था, गांव-गांव पैदल यात्रा के दौरान बने माहौल को कांग्रेस की सत्ता में वापसी का एक बड़ा कारण माना जाता है।

दिल्ली में दे चुके हैं संगठन मजबूत करने का प्रजेंटेशन
गौरतलब है कि पिछले महीने दिग्विजय सिंह ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रजेंटेशन भी दिया था, इसमें उन्होंने पार्टी की जमीन मजबूत करने के लिए बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर संगठन को सशक्त करने पर जोर दिया था, सूत्रों के अनुसार, उन्होंने आलाकमान से कहा है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए वे मध्यप्रदेश में संगठनात्मक और जमीनी काम को प्राथमिकता देना चाहते हैं,दिग्विजय सिंह के इस फैसले को कांग्रेस की आगामी रणनीति और प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।