खैरागढ गंडई। नगर के प्रमुख बस स्टैंड के कायाकल्प का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है, लंबे समय से बस स्टैंड के जीर्णोद्धार और विकास की मांग की जा रही थी,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में इसके लिए राशि भी स्वीकृत की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका था।
अब नगर पंचायत द्वारा बस स्टैंड को हाईटेक स्वरूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं,इसी कड़ी में बस स्टैंड परिसर में फैले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है,नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन, नगर पंचायत अध्यक्ष टंकेश्वर शाह खुशरो, उपाध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार और थाना प्रभारी राजेश देवदास की मौजूदगी में बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बस स्टैंड के चारों ओर फल दुकानों और ठेलों के कारण अतिक्रमण फैला हुआ है। इस पर नगर पंचायत अधिकारियों ने ठेले वालों और दुकानदारों से चर्चा कर उन्हें बस स्टैंड खाली करने के निर्देश दिए, अधिकारियों ने बताया कि ठेले वालों को रेस्ट हाउस के पास वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपना व्यवसाय कर सकेंगे।
ठेले वालों ने अपनी समस्या रखते हुए कहा कि उनका कच्चा व्यवसाय है और बस स्टैंड पर ही उनकी बिक्री होती है, दूर स्थान पर ग्राहक नहीं आएंगे,इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष टंकेश्वर शाह खुशरो ने कहा कि हर जगह बाजार की व्यवस्था अलग होती है, और नगर पंचायत व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध करा रही है। जिनको जरूरत होगी, वे वहां आकर खरीदारी करेंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन ने ठेले वालों को 24 घंटे का समय देते हुए स्पष्ट किया कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी,नगर पंचायत की इस पहल से बस स्टैंड के विकास और शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्टर: राशिद जमाल










