नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए, राष्ट्रपति भवन में आयोजित औपचारिक स्वागत समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे,औपचारिक स्वागत के बाद पुतिन राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुतिन गुरुवार देर रात दिल्ली पहुंचे थे, एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उनका स्वागत किया, विमान से उतरने के बाद दोनों नेता एक ही वाहन से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे,2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा है, जिसके कारण यह यात्रा कूटनीतिक रूप से अत्यंत अहम मानी जा रही है।

आज उनकी यात्रा का दूसरा दिन है,और इसे निर्णायक माना जा रहा है, भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, परमाणु तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान और व्यापार विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने जा रही है, कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों देशों के बीच कई रणनीतिक समझौतों पर सहमति बन सकती है।
चर्चाओं के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर प्रमुख समझौतों की घोषणा कर सकते हैं, शाम लगभग 7 बजे राष्ट्रपति पुतिन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन लौटेंगे,इस उच्च-स्तरीय वार्ता से भारत-रूस संबंधों में नई मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।










