रायगढ़ RPF पोस्ट में विवाद के बाद जवान की फायरिंग, हेड कॉन्स्टेबल की मौके पर मौत

रायगढ़। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की रायगढ़ पोस्ट बुधवार तड़के उस समय दहशत में आ गई, जब ड्यूटी के दौरान दो जवानों के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया,मामूली कहासुनी ने अचानक इतना उग्र रूप ले लिया कि एक जवान ने अपने ही बैचमेट पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।


सूत्रों के अनुसार, मृतक पीके मिश्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी थे, जबकि आरोपी जवान एस. लादेर जांजगीर-चांपा का रहने वाला है,दोनों बैचमेट थे और उस वक्त रात की पाली में ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती गई,आवेश में आए एस. लादेर ने अपनी सर्विस राइफल से लगातार चार गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सीधे मिश्रा के सिर में लगी और उनकी वहीं मौत हो गई।

घटना के बाद पोस्ट में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, बिलासपुर से RPF के IG मुनव्वर खुर्शीद भी तुरंत रायगढ़ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, एहतियात के तौर पर पूरी पोस्ट को सील कर दिया गया है, और किसी बाहरी व्यक्ति, यहां तक कि मीडिया को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।



पोस्ट के पास दुकान चलाने वाले श्याम सरकार ने बताया कि उन्होंने गोली चलने की आवाज तो नहीं सुनी, लेकिन सुबह करीब 6 बजे पोस्ट के बाहर माहौल बेहद तनावपूर्ण दिखा, अधिकारी लगातार अंदर-बाहर आ-जा रहे थे, और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है, अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू होगी, उधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक पीके मिश्रा की पत्नी भी पोस्ट पर पहुंच गईं।

मृतक पी के मिश्रा



पोस्ट के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं। वहीं, वरिष्ठ अधिकारी हर पहलू की गहन जांच कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद की असल वजह क्या थी और गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई।

रायगढ़ में RPF पोस्ट पर हुई यह घटना सुरक्षाबलों में तनाव प्रबंधन और आंतरिक संवाद की चुनौतियों को एक बार फिर उजागर करती है।