रायपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न डीजीपी कॉन्फ्रेंस, मुख्यमंत्री साय ने इसे बताया राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि…..!!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय डीजीपी कॉन्फ्रेंस के सफल समापन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन न केवल छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों पर ले गया, बल्कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति और रणनीतियों पर गहन विमर्श का महत्वपूर्ण मंच भी साबित हुआ।



मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सहित देशभर के डीजीपी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए,उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों तक देश का सर्वोच्च राजनीतिक और सुरक्षा नेतृत्व छत्तीसगढ़ की धरती पर मौजूद रहा, जो अपने-आप में एक महत्वपूर्ण क्षण है।



रायपुर में सम्पन्न इस सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद-निरोध, साइबर सुरक्षा, तटीय सुरक्षा, फोरेंसिक क्षमताओं के विकास और भविष्य की सुरक्षा रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई,मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन से निकले निर्णय आने वाले वर्षों में भारत की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।



मुख्यमंत्री साय ने आयोजन की सुचारू व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, प्रशासनिक समन्वय और उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया।